- झांसी में बुजुर्ग की रहस्यमय मौत का मामला
- गणेश चौराहा पर मिली आसाराम अहिरवार की लाश
- पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के गणेश चौराहा के पास बुधवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान आसाराम (65) के रूप में हुई है, जो बबीना के खैलार गांव के निवासी थे और स्थानीय सब्जी विक्रेताओं के पास काम करते थे। मौत के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन परिजनों को हत्या का शक है।
बेटी ने बताई दर्दनाक कहानी
मृतक की बड़ी बेटी रंजना ने बताया कि उनकी मां मीना का निधन बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद पिता ने ही तीनों बेटियों को पाल-पोसकर बड़ा किया और उनकी शादी करवाई। रंजना ने आगे कहा, “पापा शराब पीते थे, लेकिन उन्होंने हमें कभी दुख नहीं दिया। आज वो भी चले गए। शव देखकर लगता है कि किसी ने उनका गला दबाकर हत्या की हो। पहले भी उनका सब्जी विक्रेताओं और गाड़ी मालिकों से झगड़ा हुआ था।”
पुलिस ने शव को किया कब्जे में
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण सामने आ पाएगा। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। रंजना और उनकी दोनों बहनें (रश्मि व रूबि) शोक में हैं। उन्होंने पुलिस से त्वरित न्याय की मांग की है।








