आलापुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त

अंबेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र के मसेना मिर्जापुर गांव में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने एक बार फिर निशाना बनाया है। रामनगर चहोड़ा रोड पर स्थित प्रतिमा की अंगुली तोड़ दी गई। यह घटना रविवार सुबह सामने आई, जिसके बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला और स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त हो गई।

पहले भी हो चुकी है तोड़फोड़
यह पहली बार नहीं है जब इस प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई हो। इससे पहले 2 दिसंबर को भी इसी प्रतिमा की अंगुली तोड़ी गई थी। उस समय तत्कालीन थाना प्रभारी की पहल पर नई प्रतिमा स्थापित कराई गई थी। इसके बावजूद दोबारा हुई घटना ने प्रतिमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही रविवार सुबह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान आलापुर थाना अध्यक्ष रितेश पांडे, जहांगीरगंज थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर संतोष सिंह, राजे सुल्तानपुर थाना अध्यक्ष अक्षय पटेल, हंसवर थाना अध्यक्ष अभिनेश कुमार, डिप्टी एसपी प्रदीप सिंह चंदेल और एसडीएम सुभाष सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

तत्काल कराई गई मरम्मत
अधिकारियों की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त प्रतिमा की तत्काल मरम्मत कराई गई, जिससे स्थिति सामान्य हो सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय
भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के बीच सहमति बनी। ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की भी योजना बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button