- फसल मंडी तक पहुंचाने में समय और लागत बढ़ी, उचित दाम मिलने में दिक्कत
- ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से की शिकायत, समाधान अब तक नहीं
- पुलिया निर्माण की मांग पर प्रशासन की चुप्पी, आंदोलन की चेतावनी
हजपुरा (अम्बेडकरनगर), संवाददाता। सरकार भले ही ग्रामीण विकास और किसानों की सुविधा के लिए योजनाएं चला रही हो, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। जलालपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोलपुर बाहरजवा से सकरा, गौरा मोहम्मदपुर मार्ग पर माइनर पर पुलिया न होने से हजारों ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर पुलिया न होने से टूटा कई गांवों का संपर्क
यह मार्ग सोनगांव, बहादुरपुर, गयासपुर, कहरा सलेमपुर जैसे गांवों को जोड़ता है। लेकिन माइनर नहर पर पुलिया का अभाव इस सड़क की उपयोगिता को लगभग समाप्त कर चुका है। नहर पार करना ग्रामीणों के लिए चुनौती बन चुका है। वाहन चालकों को 1 से 2 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि कृषि लागत भी बढ़ रही है।
खेती-किसानी पर पड़ा असर
क्षेत्रीय किसान चंद्रेश वर्मा, लालमन वर्मा, कपिल देव वर्मा, अरुण वर्मा, संदीप शर्मा, कमलाकर, सियाराम यादव, राजेश वर्मा सहित अन्य किसानों का कहना है कि पुलिया न होने के कारण खेत तक जाना बेहद कठिन हो गया है। ट्रैक्टर व कृषि यंत्रों की आवाजाही में भी दिक्कतें आ रही हैं। इसका सीधा असर खेती की उत्पादकता पर पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि फसल कटाई से लेकर मंडी तक माल पहुंचाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इससे उन्हें न तो समय पर उचित दाम मिल पाता है और न ही कृषि कार्यों में गति बनी रह पाती है।








