- गोरखपुर तिवारीपुर में डंपर टकराव से ट्रांसफॉर्मर हादसा
- जोरदार विस्फोट के साथ आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी
- करीब 250 घरों की बिजली ठप, दमकल ने आग पर काबू पाया
गोरखपुर। गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ। निजामपुर चौराहे के पास एक डंपर बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और ट्रांसफॉर्मर में जोरदार विस्फोट के साथ आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की तेज आवाज से कई लोग नींद से जाग गए। इस घटना के कारण करीब 250 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
बिजली विभाग की टीम भी सुबह से मौके पर मौजूद है। अवर अभियंता संदीप कुमार के नेतृत्व में ट्रांसफॉर्मर और केबल की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग की कोशिश है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति को पुनः चालू किया जाए।
इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन बिजली न होने के कारण स्थानीय लोगों को खासतौर पर गर्मी के बीच भारी परेशानी हो रही है।








