बाराबंकी में बुजुर्ग दंपती ने खाया जहर, इलाज के दौरान दोनों की मौत

बाराबंकी। जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मामला रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के सधवापुर मजरे इब्राहिमाबाद गांव का है। यहां 65 वर्षीय गणेश और उनकी 60 वर्षीय पत्नी कलावती ने मंगलवार को कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। शाम के समय दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें तेज उल्टियां होने लगीं।

ग्रामीणों ने हालत गंभीर देख तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गणेश की मौत हो गई, जबकि कलावती की हालत और गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ में उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि दंपती अपने इकलौते बेटे पवन कुमार से अलग रहते थे। बेटे का घर ठीक सामने ही है। घटना के समय बेटा ऑटो चलाने गया था, बहू खेत पर काम करने गई थी और उनके चारों बच्चे स्कूल में थे।

परिजनों के मुताबिक, दंपती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button