
- 67 वर्षीय विक्रमाजीत की मौके पर ही मौत
- चालक दुर्घटना के बाद रुका, पुलिस ने की FIR दर्ज
- मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज
अंबेंडकरनगर। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 67 वर्षीय बुजुर्ग विक्रमाजीत की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह प्रातःकाल शौच के लिए घर से निकले थे और सड़क पार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार आर-टिका वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महमूदपुर गांव निवासी विक्रमाजीत सोमवार को तड़के करीब 5 बजे शौच के लिए निकले थे। जब वह जलालपुर-रामगढ़ मुख्य मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के पास पहुंचे, तभी पश्चिम दिशा से आ रही आर-टिका वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि विक्रमाजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन को कोपा गांव निवासी कुनाल सिंह चला रहा था, जो दुर्घटना के बाद मौके पर ही रुक गया।
घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई राममिलन की तहरीर पर थाना जैतपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि आरोपी चालक कुनाल सिंह के खिलाफ मामला पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना से महमूदपुर गांव में शोक की लहर है। विक्रमाजीत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांववासियों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।








