वाराणसी। उत्तराखंड के दिग्गज निशानेबाज और पद्मश्री सम्मान से सम्मानित जसपाल राणा का अंतिम संस्कार शनिवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा। परिवार के अनुसार, जसपाल राणा ने कई बार इच्छा जताई थी कि उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर हो। उनकी इसी इच्छा का सम्मान करते हुए परिवार ने वाराणसी में अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया है।
जसपाल राणा का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे चार्टर्ड विमान से वाराणसी लाया जाएगा। इसके बाद पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिवार के सदस्य और चाचा राजेंद्र राणा ने बताया कि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट से उनका विशेष लगाव था और उन्होंने जीवनकाल में कई बार यहां अंतिम संस्कार किए जाने की इच्छा व्यक्त की थी।
सूत्रों के अनुसार, अंतिम संस्कार में खेल जगत, सामाजिक क्षेत्र और राजनीति से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
49 वर्षीय जसपाल राणा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। वह पिछले 11 दिनों से नई दिल्ली स्थित मैक्स साकेत अस्पताल में उपचाराधीन थे। बताया गया है कि जर्मनी से लौटते समय विमान यात्रा के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है।









