आगरा में भीषण हादसा: चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग

  • आगरा में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग
  • बुजुर्ग दंपती लपटों में फंसे, जिंदा जलकर मौत
  • नातिन ने समय रहते बचाई जान, पहली मंजिल पर फंसा परिवार

आगरा। मंगलवार तड़के आगरा के जगदीशपुरा इलाके के लक्ष्मीनगर में दर्दनाक हादसा हुआ। चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने से 90 वर्षीय भगवती प्रसाद और उनकी पत्नी 85 वर्षीय उर्मिला देवी की जिंदा जलकर मौत हो गई। लपटों ने देखते ही देखते घर के ग्राउंड फ्लोर को चपेट में ले लिया। घटना के वक्त उनका बेटा और उसका परिवार पहली मंजिल पर था।

तड़के चार बजे हुआ विस्फोट, आग फैलने से मचा हड़कंप

पार्षद अमित पटेल के मुताबिक यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 3–4 बजे हुआ। 40 गज के दो मंजिला मकान के नीचे के फ्लोर पर बुजुर्ग दंपती रहते थे। उनके साथ उनकी 14 वर्षीय नातिन काकुल भी नीचे सो रही थी। कमरे में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट से विस्फोट हुआ और आग फैल गई।

काकुल ने बताया कि दादा ने उसे जगाया और वह तुरंत ऊपर भाग गई। ऊपर जाकर उसने माता-पिता को उठाया लेकिन जब तक वे नीचे पहुंचे, आग पूरे कमरे में फैल चुकी थी।

दरवाजा नहीं खोल पाए बुजुर्ग, छत से पानी डालकर बुझाने की कोशिश

आग लगते ही बुजुर्ग दंपती कमरे में ही फंस गए और मेन गेट का दरवाजा नहीं खोल पाए। ऊपर से प्रमोद और उनका परिवार पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे लेकिन लपटें इतनी भीषण थीं कि वे नीचे नहीं उतर पाए। पड़ोसियों ने भी शोर सुनकर मदद की कोशिश की लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण कोई अंदर नहीं जा सका।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, जले मिले शव

मोहल्ले के लोग आग बुझाने में लगे रहे लेकिन आग की तीव्रता बहुत ज्यादा थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। जब आग बुझाई गई तो बुजुर्ग दंपती जले हुए मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पूरे इलाके में मातम

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। क्षेत्रीय पार्षद ने बताया कि बुजुर्ग दंपती ने कुछ दिन पहले ही यह मकान बेचा था। हादसे के बाद मोहल्ले के लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Related Posts

मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी के लिए 50 करोड़ का बजट

मुरादाबाद। प्रदेश सरकार के बजट में मुरादाबाद को बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।…

Continue reading
दीवान शुगर मिल में मजदूर की दर्दनाक मौत

मुरादाबाद। दीवान शुगर मिल में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसमें 32 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। गन्ने की पुलियां डालते समय…

Continue reading