शहजादपुर में बिजली व्यवस्था चरमराई: जर्जर तारों से संकट गहराया

अंबेडकरनगर | शहजादपुर कस्बे की बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। लगातार हो रही बिजली कटौती, जर्जर तारों से उत्पन्न फॉल्ट और बिजली विभाग की लापरवाही ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शनिवार की रात कस्बे को अंधेरे में काटनी पड़ी, वहीं रविवार सुबह आपूर्ति बहाल होते ही पुनः फॉल्ट के कारण क्षेत्र फिर से अंधकार में डूब गया।

पूरी रात बिजली गुल, जनता बेहाल
शनिवार की रात बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। उमस भरी गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों से लेकर घरेलू उपभोक्ताओं तक सभी परेशान नजर आए। स्थानीय निवासी श्याम लाल ने बताया, “हर सप्ताह यही हाल है। रातभर बिजली नहीं आती, और जब आती भी है तो घंटेभर बाद फिर चली जाती है। शिकायत करने पर सिर्फ आश्वासन मिलता है।”

तारों की हालत दयनीय, फॉल्ट बनता जा रहा आम बात
कस्बे में बिजली के तार और खंभे वर्षों पुराने हो चुके हैं। कई जगहों पर तार लटकते दिखाई देते हैं, तो कहीं खंभे झुके हुए हैं। आये दिन हो रहे शॉर्ट सर्किट और फॉल्ट से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।

एक अन्य निवासी, राधिका देवी, ने रोष जताते हुए कहा, “तार कभी भी टूटकर सड़क पर गिर सकते हैं। कई बार खेतों में भी गिरे हैं। विभाग को बार-बार सूचना दी गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार है?”

Back to top button