बैंकिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

कलेक्ट्रेट में हुई डीसीसी-डीएलआरसी बैठक, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर फोकस

अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार की शाम वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के अंतर्गत डीसीसी एवं डीएलआरसी की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इसमें मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना शर्मा सहित संबंधित विभागों और बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बैंकिंग और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

लाभार्थियों को ऋण देने में उदारता बरतने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की विभिन्न स्वरोजगार आधारित योजनाओं का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ना है। ऐसे में बैंकर्स लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने में सकारात्मक और उदार दृष्टिकोण अपनाएं।

उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत सीसीएल, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और अन्य योजनाओं के लंबित आवेदनों की समीक्षा की। इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सीडी रेशियो में सुधार, फिर भी गति बढ़ाने पर जोर

बैठक में बताया गया कि जनपद का सीडी रेशियो 51 प्रतिशत से अधिक है, जो पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा है। इसके बावजूद जिलाधिकारी ने कहा कि लक्ष्य के अनुसार और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने सभी बैंकों को प्रगति और तेज करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button