
- झांसी के मऊरानीपुर में ऑटो से टकराकर पलटा बंदर
- महिला यात्री खातून ऑटो के नीचे दबीं, हालत गंभीर
- ड्राइवर ने बचाव के लिए मचाई चीख-पुकार
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मंगलवार शाम एक हैरान करने वाला हादसा सामने आया। मऊरानीपुर कस्बे में एक ऑटो उस समय पलट गया जब एक बंदर अचानक उसके सामने आकर टकरा गया। हादसे में एक महिला यात्री ऑटो के नीचे दब गई, जिसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बंदर से टकराकर पलटा ऑटो, महिला नीचे दब गई
मऊरानीपुर के बड़ा बाजार से बस स्टैंड की ओर जा रहा एक ऑटो स्टेशन रोड पर मोती होटल के पास पहुंचा ही था कि अचानक एक बंदर दौड़ते हुए सड़क पार करने लगा और ऑटो के आगे कूद गया। ऑटो का अगला पहिया बंदर से टकरा गया, जिससे ऑटो असंतुलित होकर पलट गया।
ऑटो में बैठी नई बस्ती निवासी खातून खां (52) नीचे दब गईं। ड्राइवर संजय ने बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद आस-पास के लोग दौड़कर पहुंचे और ऑटो को सीधा कर महिला को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
CCTV में रिकॉर्ड हुआ हादसा, बंदर कार से भी टकराया
पूरा हादसा सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। 43 सेकंड के इस फुटेज में साफ दिख रहा है कि ऑटो से टकराने के बाद बंदर दूसरी दिशा में भागता है और एक कार से भी टकराता है। इसके बाद वह पास के पेड़ों की ओर कूदता हुआ चला जाता है।








