
- अधिवक्ता के बेटे की हत्या के विरोध में निकलीं पल्लवी पटेल
- पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की
- पल्लवी पटेल ने DCP-ACP से की बहस
वाराणसी। वाराणसी में अधिवक्ता के बेटे की हत्या के विरोध में निकली रैली के दौरान सुभासपा नेता पल्लवी पटेल और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। पुलिस द्वारा रास्ता रोकने पर पल्लवी पटेल बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं और अधिकारियों से तीखी बहस के बाद रास्ते में धरने पर बैठ गईं।
वाराणसी के शिवपुर इलाके में अधिवक्ता के बेटे हेमंत सिंह पटेल की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसी मुद्दे को लेकर सुभासपा की नेता पल्लवी पटेल अपने समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय का घेराव करने निकली थीं। लेकिन भेलूपुर स्थित आईपी मॉल के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई पर पल्लवी पटेल नाराज हो गईं। वह बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगीं और मौके पर मौजूद डीसीपी व एसीपी से तीखी बहस हुई। पल्लवी ने पुलिस से साफ कहा, “मुझे उस पार जाना है, हटो सामने से।” मगर पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया, जिसके चलते वह वहीं धरने पर बैठ गईं।
22 अप्रैल को छात्र की गोली मारकर हत्या
22 अप्रैल को वाराणसी के एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र हेमंत सिंह पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, ज्ञानदीप स्कूल के प्रबंधक के बेटे यजुवेंद्र सिंह उर्फ रवि ने गोली चलाई थी।
हत्या के वक्त स्कूल डायरेक्टर के घर के एक कमरे में हेमंत के दो दोस्त शशांक और किशन भी मौजूद थे। घायल हालत में दोस्तों ने हेमंत को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।







