अंबेडकर नगर। जिले में फ़ाइलेरिया रोग के उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर सामूहिक दवा सेवन अभियान की शुरुआत मंगलवार से की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार शैवाल ने बताया कि ब्लाक जलालपुर में सामूहिक दवा सेवन अभियान तथा जिले के अन्य ब्लाकों के चिन्हित गांवों में केन्द्रित अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 10 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक संचालित होगा।
जलालपुर में थ्री ड्रग थेरेपी, अन्य ब्लाकों में टू ड्रग थेरेपी
अभियान के तहत ब्लाक जलालपुर में थ्री ड्रग थेरेपी लागू की जाएगी, जिसमें अल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन कराया जाएगा। यह दवाएं आयु वर्ग और लंबाई के अनुसार पात्र लोगों को दी जाएंगी। इस अभियान के माध्यम से जलालपुर ब्लाक में कुल 3,33,212 लोगों को आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे फ़ाइलेरिया संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ा जा सके।
वहीं, जलालपुर के अतिरिक्त जिले के अन्य सभी ब्लाकों के कुल 42 चिन्हित गांवों में टू ड्रग थेरेपी के तहत अल्बेंडाजोल और डीईसी दवाओं का सेवन कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह रणनीति संक्रमण की स्थिति और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तय की गई है।
377 टीमों का गठन, प्रत्येक टीम में दो सदस्य
अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर के माध्यम से कुल 377 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में दो सदस्य शामिल हैं, जो घर-घर जाकर अपने सामने ही दवा का सेवन कराएंगे। इन टीमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लक्षित आबादी तक दवा पहुंचे और उसका सही तरीके से सेवन हो।








