
आगरा। आगरा में ‘फिल्म पुष्पा’ स्टाइल में चरस तस्करी का मामला सामने आया है। एएनटीएफ और कमला नगर पुलिस ने अर्टिगा कार में छिपाकर ले जाई जा रही 10 किलो चरस को जब्त किया। बरामद चरस की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
तस्करी का तरीका और गिरफ्तारी
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगरा के रास्ते फिरोजाबाद में चरस तस्करी हो रही है। सूचना के आधार पर कमला नगर थाना पुलिस ने एएनटीएफ के साथ हाईवे पर घेराबंदी की।
गुरुवार रात साढ़े 9 बजे पंजाब नंबर की अर्टिगा कार रोकी गई। कार में दो लोग सवार थे— बलवीर सिंह (संगरूर, पंजाब) और धर्मवीर राणा (कुल्लू, हिमाचल प्रदेश)। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने कहा कि वे फिरोजाबाद जा रहे हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में उन्होंने चरस तस्करी की बात स्वीकार की।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी
दोनों आरोपी पहले 7 साल तिहाड़ जेल में रह चुके हैं। पुलिस ने कार के पीछे के दरवाजों में छिपाई गई चरस का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।








