
वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की सेंट्रल लाइब्रेरी के दूसरे तल पर शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से कैंपस में अफरातफरी मच गई। उस समय लाइब्रेरी में 20 से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे थे। धुआं फैलते ही सभी छात्रों ने तुरंत लाइब्रेरी छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।
घटना सुबह 8:30 बजे की बताई जा रही है। लगभग 10 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद दूसरी गाड़ी बुलाकर आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी लाइब्रेरी में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं है।
आग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन 50 से अधिक कंप्यूटर जल गए और 50-60 लाख रुपए मूल्य के सर्वर रूम को भी नुकसान पहुंचा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।








