एनटीपीसी टांडा में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यशाला का शुभारंभ

बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत शिक्षा, आत्मरक्षा और नेतृत्व कौशल का मिलेगा प्रशिक्षण

अम्बेडकरनगर। एनटीपीसी टांडा की ओर से नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ बालिका सशक्तिकरण अभियान कार्यशाला-2026 का भव्य शुभारंभ सरगम सभागार में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल के माध्यम से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एनटीपीसी लिमिटेड एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एनएसपीसीएल दिवाकर कौशिक रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तरा क्लब की अध्यक्षा सीमा कौशिक मौजूद रहीं। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद एनटीपीसी गीत और गरिमा महिला मंडल की ओर से स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

प्रेरणादायी फिल्म और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

कार्यक्रम में बालिका सशक्तिकरण अभियान पर आधारित एक प्रेरणादायी फिल्म दिखाई गई। इसमें इस पहल से बालिकाओं के जीवन में आए बदलावों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ बाल भवन और गरिमा महिला मंडल से जुड़ी छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

जेम बालिकाओं की ओर से योग प्रदर्शन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सभागार में मौजूद लोगों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की।

दिवाकर कौशिक बोले- बालिका सशक्तिकरण राष्ट्र निर्माण की नींव

दिवाकर कौशिक ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी की गर्ल एम्पावरमेंट मिशन पहल देशभर में हजारों बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

सीमा कौशिक ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाएं अपने जीवन को नई दिशा दे सकती हैं। ऐसी कार्यशालाएं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button