लखनऊ। लखनऊ में शनिवार को सुबह कोहरा काफी कम नजर आया। ओस की बूंदें महसूस की गईं और तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गलन बढ़ने के कारण सरकार ने 12वीं तक के स्कूलों और इंटर कॉलेजों में अगले तीन दिन (3, 4, 5 जनवरी) की छुट्टी घोषित की है।
मौसम का हाल
शुक्रवार शाम के बाद चली हवाओं की वजह से आज सुबह की विजिबिलिटी 1 किमी से ज्यादा रही। इसके विपरीत, कल सुबह दृश्यता केवल 100 मीटर थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह स्थिति गेहूं और सरसों की फसल के लिए अनुकूल है।
आज न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता औसतन 92 प्रतिशत रही। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री, न्यूनतम 9 डिग्री तक पहुंच सकता है।
कोहरे में कमी की वजह
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी से निचले क्षोभ मंडल की स्थिरता भंग हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने के बाद सतह पर तेज हवाएं चलीं, जिससे गतिशील अस्थिरता पैदा हुई।
इसका असर यह हुआ कि जमी कोहरे की परत हट गई, लेकिन थोड़ी ऊंचाई पर वातावरण स्थिर बना रहा। इसी कारण लखनऊ और मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर थोड़ा कोहरा बना रहा और धूप जमीन तक पूरी तरह नहीं पहुंच सकी। पूर्व और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाली कोहरे की परत अब पूरी तरह साफ हो गई है।
सावधानी और सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और आवश्यक न होने पर सुबह-शाम यात्रा से बचने की सलाह दी है।








