
- शादी टूटने के बाद पूर्व मंगेतर की धमकियों से परेशान युवती
- कॉल और मैसेज कर जान से मारने की धमकी का आरोप
- छह महीने पहले भी दर्ज कराई थी शिकायत, हरकतें नहीं रुकीं
लखनऊ। लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र में एक युवती ने अपने पूर्व मंगेतर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी टूटने के बाद से आरोपी उसे लगातार कॉल और मैसेज कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में युवती ने कृष्णानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी टूटने के बाद बढ़ा विवाद
भोलाखेड़ा निवासी युवती की शादी ठाकुरपुर निवासी रविशंकर त्रिवेदी से तय हुई थी। आपसी मतभेद के चलते रिश्ता करीब एक साल पहले टूट गया था। युवती का आरोप है कि इसके बाद से आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहा है।
पहले भी कर चुकी शिकायत
पीड़िता ने बताया कि छह महीने पहले भी उसने कृष्णानगर थाने में शिकायत की थी, लेकिन इसके बावजूद रविशंकर की हरकतें बंद नहीं हुईं। अब तो आरोपी उसके ऑफिस तक पहुंचकर धमकियां देने लगा है।
थाना प्रभारी कृष्णानगर के अनुसार, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।







