बुढावली में पैतृक घर पर 10 मिनट पूछताछ
पुलिस ने मोट्ठ थाने में कार्रवाई पूरी की
आठ घंटे की रिमांड के दौरान वकील साथ रह सकते हैं
झांसी। गरौठा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव को पुलिस ने सोमवार को आठ घंटे की रिमांड पर लिया। पुलिस उन्हें उनके पैतृक गांव बुढावली ले गई, जहां उनके घर पर करीब 10 मिनट तक पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें मोट्ठ थाने ले जाया गया।
बकाया धनराशि वसूलने के लिए रिमांड जरूरी:
कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया था कि पूर्व विधायक को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रिमांड पर लिया जाए। रिमांड के दौरान पुलिस को कार्रवाई पूरी करने और शाम 6 बजे तक मेडिकल कराकर जेल में वापस दाखिल करने का निर्देश दिया गया।
पूर्व विधायक के वकील मनीष यादव ने रिमांड न देने की बात की थी, लेकिन एडीजीसी राजेंद्र रावत ने बताया कि बकाया धनराशि वसूलने के लिए रिमांड लेना जरूरी है। कोर्ट ने यह तर्क मान लिया और सिर्फ आठ घंटे की रिमांड दी। इस दौरान पूर्व विधायक के अधिवक्ता साथ रह सकते हैं।








