
- आलापुर थाना क्षेत्र के चहोंड़ा घाट शाहपुर में मूर्ति विसर्जन मेले के दौरान दो चाट विक्रेताओं में विवाद
- विवाद की शुरुआत ‘किसकी चाट ज्यादा स्वादिष्ट’ को लेकर हुई
- हाथापाई और पत्थरबाजी के चलते चार लोग घायल; एक की हालत गंभीर
अंबेडकरनगर, संवाददाता। आलापुर थाना क्षेत्र के चहोंड़ा घाट शाहपुर में मूर्ति विसर्जन मेले के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद तब खूनी संघर्ष में बदल गया जब दो चाट विक्रेताओं के बीच ‘चाट के स्वाद’ को लेकर कहासुनी हाथापाई और फिर पत्थरबाजी में तब्दील हो गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पट्टीदारों के बीच थी दुकानें, ग्राहकों को लुभाने की होड़
जानकारी के अनुसार, मेले में पट्टीदार सोनू और राजेश गुप्ता ने आमने-सामने अपनी-अपनी चाट की दुकानें लगाई थीं। दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहकों को आकर्षित करने की होड़ चल रही थी। इसी दौरान ‘किसकी चाट ज्यादा स्वादिष्ट है’ इस बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई। मौके पर उपस्थित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
मेला खत्म, विवाद की चिंगारी पहुंची घर तक
मेले में विवाद भले ही थम गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद यह चिंगारी एक बार फिर भड़क उठी। अगल-बगल रहने वाले दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक रूप ले बैठा। ईंट-पत्थर चलने लगे, लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ और पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।








