नगर पंचायत इल्तिफातगंज के कटरिया वार्ड में बंजर भूमि को आबादी में दर्ज कराने के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। वार्ड वासियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्रीय सभासद संजय वर्मा ने भूमि को आबादी श्रेणी में दर्ज कराने के बदले आठ हजार रुपये प्रति विस्वा की दर से रकम वसूली है। इस मामले को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी और कटेहरी विधायक तक शिकायतें पहुंच चुकी हैं।
रेट लिस्ट बनाकर मांगे रुपये
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सभासद द्वारा बाकायदा रेट लिस्ट जारी की गई, जिसमें स्पष्ट रूप से आठ हजार रुपये प्रति विस्वा के हिसाब से भुगतान करने पर बंजर भूमि को आबादी में दर्ज कराने का “प्रस्ताव” दिया गया। जिन लोगों ने पैसा नहीं दिया, उनके आवेदन या तो लंबित रखे गए या फिर खारिज कर दिए गए।
आवास योजनाओं में भी अनियमितता के आरोप
आरोप सिर्फ भूमि दर्ज कराने तक ही सीमित नहीं हैं। वार्डवासियों ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के लाभार्थियों से भी पैसे की मांग की गई। कई ऐसे लोग जो पात्र नहीं थे, उन्हें लाभ दिलाने के बदले मोटी रकम ली गई, जबकि वास्तविक जरूरतमंद आज भी पात्रता सूची से बाहर हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष और ईओ से की गई शिकायत
इस पूरे मामले को लेकर नाराज वार्ड वासियों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप है कि सभासद द्वारा पद के दुरुपयोग कर खुलेआम अवैध लेन-देन किया जा रहा है। शिकायतकर्ता चाहते हैं कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।








