
- मड़ियांव पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा
- सोने के जेवर और 29,400 रुपए नकद बरामद
- यात्रियों के बैग से जेवर और नकदी करते थे चोरी
- हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले हैं आरोपी
Lucknow के मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने ई-रिक्शा और टेंपो में सफर कर यात्रियों के बैग से जेवर और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के जेवर और 29,400 रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को मड़ियांव थाना पुलिस भिठौली तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ संदिग्ध नौबस्ता मोड़ के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान जयप्रकाश उर्फ जैकी, मनोज कुमार उर्फ जत्थू, रजनी, रामवती और अनीता के रूप में बताई। सभी आरोपी मूल रूप से हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले हैं और फिलहाल मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास चिनहट इलाके में रह रहे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से गले का हार, दो चैन, दो मंगलसूत्र, माथे का टीका, अंगूठी, कान के टप्स और 29,400 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद सामान मड़ियांव और गोमतीनगर थानों में दर्ज कई चोरी की घटनाओं से जुड़ा हुआ है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ई-रिक्शा और टेंपो में यात्रियों के साथ सफर करते थे और मौका मिलते ही उनके बैग से जेवर व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। बाद में चोरी का माल राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी गुब्बारे बेचने का काम भी करते थे। फिलहाल गिरोह के अन्य नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।









