मासिक धर्म स्वच्छता पर छात्राओं को किया जागरूक

परस कटुई विद्यालय में ऑनलाइन सत्र आयोजित

अम्बेडकरनगर। कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, परस कटुई में छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर ऑनलाइन जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारती अप्रोचिंग टुमॉरो फाउंडेशन की ओर से किया गया।

सत्र में फाउंडेशन की निदेशक वसुंधरा कुमारी और प्रोग्राम हेड अदिति आनंद ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही जानकारी और साफ-सफाई अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। वक्ताओं ने सरल भाषा में उनके सवालों के जवाब दिए और नियमित स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस सत्र में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका ईश्वरावती वर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाते हैं। सहायक अध्यापक श्याम सिंगार यादव ने कहा कि किशोरियों को सही समय पर सही जानकारी मिलना बेहद जरूरी है, जिससे वे जागरूक और स्वस्थ रह सकें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने भारती अप्रोचिंग टुमॉरो फाउंडेशन के प्रति आभार जताया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button