नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत में एक सप्ताह के भीतर 6,438 रुपए की कमी आई है। इसके बाद 10 ग्राम सोने का भाव 1.54 लाख रुपए से घटकर 1.48 लाख रुपए पर पहुंच गया है।
वहीं चांदी की कीमत में भी उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। एक सप्ताह में चांदी 14,326 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है। इसके साथ ही चांदी का भाव 2.57 लाख रुपए प्रति किलो से घटकर 2.43 लाख रुपए प्रति किलो रह गया है।
इस वर्ष की शुरुआत से ही सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत 1.33 लाख रुपए थी, जो बढ़ते हुए 29 जनवरी 2026 को 1.76 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई स्तर पर पहुंच गई थी। हालांकि इसके बाद बाजार में आई नरमी के चलते सोना अब अपने उच्चतम स्तर से करीब 28 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
चांदी के दामों में भी इसी तरह का ट्रेंड देखने को मिला। 31 दिसंबर 2025 को चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी और 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद लगातार गिरावट के चलते चांदी अब अपने ऑलटाइम हाई से करीब 1.43 लाख रुपए प्रति किलो नीचे आ गई है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, निवेशकों की रणनीति और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की मांग में बदलाव के कारण कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।









