
नई दिल्ली। बुधवार, 31 दिसंबर को सोने और चांदी के दाम में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,500 रुपए गिरकर 1,33,099 रुपए पर आ गया। कल यह 1,34,599 रुपए/10 ग्राम पर था।
वहीं, एक किलो चांदी की कीमत 2,896 रुपए कम होकर 2,29,433 रुपए पर पहुंच गई। लगातार पांच दिन तक बढ़ने के बाद कल चांदी में गिरावट आई थी, और बुधवार को इसका लगातार दूसरा दिन रहा।
ऑल टाइम हाई रेट्स और सालाना वृद्धि
29 दिसंबर को सोने का भाव 1,38,161 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की 2,43,483 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंचकर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
बीते एक साल में सोने की कीमत 75% (56,937 रुपए) और चांदी की कीमत 167% (1,43,416 रुपए) बढ़ी है।
- 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम सोना 76,162 रुपए का था, अब 1,33,099 रुपए
- 31 दिसंबर 2024 को 1 किलो चांदी 86,017 रुपए की थी, अब 2,29,433 रुपए









