- सोने के भाव में 1,442 रुपए की गिरावट
- 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1.44 लाख रुपए पर
- चांदी 4,408 रुपए सस्ती हुई
- 1 किलो चांदी का भाव 2.29 लाख रुपए
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार यानी 7 जुलाई को गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,442 रुपए घटकर 1.44 लाख रुपए पर आ गया है। वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई और 1 किलो चांदी 4,408 रुपए सस्ती होकर 2.29 लाख रुपए पर पहुंच गई।
इससे पहले जून महीने में भी सोने और चांदी के दाम में गिरावट का दौर जारी रहा था। जून में सोना करीब 15 हजार रुपए और चांदी लगभग 38 हजार रुपए तक सस्ती हुई थी।
इस साल सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद अब तक सोने की कीमत में करीब 32 हजार रुपए की गिरावट आ चुकी है।
वहीं, चांदी का भाव 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.86 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद 159 दिनों में चांदी करीब 1.57 लाख रुपए तक सस्ती हो चुकी है।









