
- अखिलेश बोले– PDA पाठशाला को पुलिस नहीं रोक सकती
- कहा– जब तक नई भर्ती नहीं होगी, सपा कार्यकर्ता पढ़ाते रहेंगे
- भाजपा पर जमीन कब्जे और माफिया संरक्षण के लगाए आरोप
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क में जनेश्वर मिश्र की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “सरकार चाहकर भी हमारी PDA पाठशाला को बंद नहीं करा सकती। पुलिस भी उसे नहीं रोक पाएगी।” अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चैलेंज करते हुए कहा कि उन्हें खुद पाठशालाओं में जाकर हालात देखना चाहिए।
‘जब तक नई शिक्षक भर्ती नहीं होगी, तब तक कार्यकर्ता चलाएंगे पाठशाला’
अखिलेश यादव ने दावा किया कि सरकार ने कई सरकारी स्कूल बंद कर दिए हैं और कुछ स्कूलों का विलय भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक उन स्कूलों में नई शिक्षक-प्रधानाचार्य की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक समाजवादी कार्यकर्ता छात्रों को पढ़ाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासन में भी पढ़ाई को लेकर किसी पर FIR नहीं दर्ज हुई, लेकिन आज की सरकार शिक्षा को रोकने में लगी है।
भाजपा पर निशाना – “सबसे बड़ा माफिया कौन?”
अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा माफिया कौन है, यह सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि कपड़े बदल लेने से कोई पाक साफ नहीं हो जाता। भाजपा नेताओं पर जमीनों, तालाबों और वेटलैंड्स पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने पूछा कि जिन पर ये आरोप लगा रहे हैं, क्या उनके अंडरवर्ल्ड से संबंध नहीं थे?
क्योटो, प्रयागराज और गोरखपुर मॉडल पर सवाल
सपा प्रमुख ने यूपी के विकास मॉडल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में 20 हजार करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद बाढ़ जैसी स्थिति है, लोग घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। वाराणसी (क्योटो मॉडल) और गोरखपुर पर भी इतना पैसा खर्च हुआ, फिर भी हालात नहीं सुधरे। लखनऊ में लगातार भाजपा का मेयर होने के बावजूद नालियां भरी पड़ी हैं।
विदेश नीति पर तंज
केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति द्वारा लिए जा रहे फैसलों से देश का व्यापार संकट में आ सकता है। उन्होंने कटाक्ष किया कि “विदेश नीति कहीं विदेश घूमने तो नहीं चली गई?” अमेरिकी टैरिफ की धमकी पर कहा कि विदेश यात्राओं से लौटकर इस पर संज्ञान लिया जाना चाहिए।
‘जाति विशेष के खिलाफ कार्रवाई गलत’
यूपी में यादव और मुस्लिमों के अवैध कब्जे हटाने के निर्देश पर भी अखिलेश यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा अवैध होता है, फिर जाति और धर्म विशेष को क्यों निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संविधान विरोधी काम है और न्यायपालिका को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को जितना प्रताड़ित किया जाएगा, उसकी एकता उतनी बढ़ेगी।
गौरतलब है कि भाजपा नेता विवेक श्रीवास्तव की चिट्ठी के बाद पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक एस.एन. सिंह ने सभी डीएम को यादव-मुस्लिमों के अवैध कब्जे हटाने का आदेश दिया था। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचते ही योगी आदित्यनाथ ने आदेश रद्द कर एसएन सिंह को निलंबित कर दिया और कहा कि धार्मिक आधार पर कोई कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी।








