अम्बेडकरनगर। पावन तीर्थ शिव बाबा धाम एक बार फिर धार्मिक चेतना का केंद्र बनने जा रहा है। 23 जनवरी से 27 जनवरी तक यहां रामभक्ति, श्रद्धा और रामनाम की अविरल धारा प्रवाहित होगी। अवसर है “राम कथा अमृतवर्षा” के भव्य आयोजन का, जिसमें अयोध्या धाम से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक राकेश महाराज प्रभु राम के जीवन, मर्यादा और आदर्शों का विस्तार से वर्णन करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार रामकथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगी और प्रभु की इच्छा तक चलेगी। शिव बाबा धाम की पवित्र भूमि पर होने वाले इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शिव बाबा धाम लंबे समय से धार्मिक आयोजनों के लिए जाना जाता रहा है। रामकथा के माध्यम से एक बार फिर यह स्थल भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनेगा। कथा के दौरान प्रभु राम के जीवन प्रसंगों, आदर्शों और सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रेरणा मिलेगी।








