- बस नाम बताने की देर थी, और चली गई जान
- मासूम सवाल बना मौत की वजह – किसने छीनी गुलफाम की ज़िंदगी?
- अज्ञात हमलावरों ने रात के सन्नाटे में ली जान, साथी भी जख्मी
आगरा। ताज नगरी में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। ताजगंज थाना क्षेत्र के नुनिहाई में स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की नाम पूछकर गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही युवक मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका साथी उसे बचाने दौड़ा तो बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया। मृतक की पहचान नुनिहाई निवासी गुलफाम के रूप में हुई है, जो शिल्पग्राम रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करता था। उसका साथी सैफ अली भी उसी रेस्टोरेंट में कार्यरत है।
नाम पूछा और गोली मार दी
सैफ अली ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे वह और गुलफाम रेस्टोरेंट बंद कर रहे थे। गुलफाम बाहर खड़ा था, तभी एक स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। कुछ दूरी पर स्कूटी खड़ी कर दो युवक गुलफाम के पास आए और उसका नाम पूछा। जैसे ही गुलफाम ने अपना नाम बताया, एक युवक ने तमंचा निकालकर उसके सीने में गोली मार दी।
साथी पर भी फायरिंग, छर्रे लगे सीने में
सैफ के अनुसार, वह गुलफाम को बचाने दौड़ा तो हमलावरों ने उस पर भी फायर कर दिया। गोली के छर्रे उसके सीने में लगे। सैफ के शोर मचाने पर हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस गुलफाम को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।








