
- महिला डॉक्टर से बहस के बाद मामला बढ़ा
- मनीष को हॉस्टल ले जाकर पीटने की थी तैयारी
- पुलिस की मदद से मनीष को सुरक्षित निकाला गया
पटना। यूट्यूबर और बीजेपी नेता मनीष कश्यप के साथ पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में कथित तौर पर जूनियर डॉक्टरों ने मारपीट की। इसके बाद मनीष को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर हॉस्पिटल से एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वे बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं और दो नर्सें उनका इलाज कर रही हैं।
मरीज की पैरवी करने पहुंचे थे मनीष, डॉक्टर से भिड़ गए
जानकारी के मुताबिक मनीष कश्यप PMCH में एक मरीज की पैरवी करने पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीज की हालत को लेकर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से सवाल पूछने शुरू कर दिए। इस दौरान वहां मौजूद एक महिला डॉक्टर से उनकी बहस हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गई।
SI की बेटी से उलझे, हॉस्टल में ले जाकर पिटाई की थी तैयारी
जिस महिला डॉक्टर से मनीष की बहस हुई, वो एक सब-इंस्पेक्टर की बेटी हैं। बताया जा रहा है कि जूनियर डॉक्टर मनीष को जबरन हॉस्टल ले जाकर बांधने और पीटने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन इस बीच पीरबहोर थाना परिसर में बने TOP के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और किसी तरह मनीष को वहां से निकालकर सुरक्षा में ले गए।
करीब तीन घंटे तक मनीष और उनके समर्थक पुलिस की निगरानी में रहे। वहीं, बाहर समर्थक और सहयोगी मामला सुलझाने की कोशिश करते रहे। मनीष के दोस्त मनी द्विवेदी लगातार नेताओं और समर्थकों को फोन कर मामले को संभालने में जुटे रहे।
मनीष को माफीनामा लिखवाया गया, BJP नेताओं को करनी पड़ी पैरवी
सूत्रों के मुताबिक, घंटों की मशक्कत के बाद एक परिचित डॉक्टर ने मामला संभाला, तब जाकर मनीष के दोस्त मनी द्विवेदी उनसे मिलने पहुंचे। मनीष को अस्पताल से बाहर तब निकाला गया जब उन्होंने माफीनामा लिखा। आरोप है कि बीजेपी नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा, तभी जाकर मनीष को वहां से सुरक्षित निकाला गया।
ये भी पढ़ें-राहुल गांधीभाजपा नेता अमित मालवीय के पोस्टर्स ने छेड़ी नई राजनीतिक जंग
महिला डॉक्टर से बदसलूकी का आरोप, ASP बोलीं- शिकायत नहीं मिली
PMCH के प्राचार्य डॉ. विद्यापति चौधरी ने बताया कि,
“मनीष कश्यप ने महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी की थी।”
वहीं पटना सदर की ASP दीक्षा ने कहा कि
“फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। मामला धक्का-मुक्की तक सीमित है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”








