मथुरा। तीन महीने से लापता हाथरस के 16 वर्षीय किशोर अनुज को शनिवार को पुलिस ने बरामद कर लिया। अनुज बरसाना मंदिर के पास स्थित लाड़ली आश्रम से मिला। पुलिस उसे लेकर उसके गांव बारामई खेड़ा के लिए रवाना हो गई है। उसके साथ परिजन भी मौजूद हैं।
तीन महीने से बेटे की तलाश कर रहे थे परिजन
अनुज के लापता होने के बाद उसके परिजन करीब तीन महीने से उसकी तलाश में भटक रहे थे। पिता राजवीर सिंह का कहना था कि उनका बेटा प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दीक्षा लेने के लिए गया था और वहीं से लापता हो गया। बेटे की तलाश में परिवार ने पुलिस से लेकर कई स्थानों पर संपर्क किया।
शुक्रवार को अनुज के पिता राजवीर सिंह अपनी पत्नी, बेटे और चार बेटियों के साथ संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर पहुंचे थे। परिवार ने सुबह करीब 11 बजे से शाम तक लगभग सात घंटे धरना दिया था।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और CCTV से की तलाश
धरना खत्म होने के बाद पिता ने बताया था कि पुलिस ने उन्हें अनुज की तस्वीर दिखाई है, लेकिन उस समय तक उनकी बेटे से मुलाकात नहीं हुई थी। पुलिस के अनुसार किशोर की तलाश के लिए मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही थी।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया था कि हाथरस पुलिस किशोर की तलाश में जुटी थी। इसी जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश आगे बढ़ाई और शनिवार को उसे बरामद कर लिया।
चार बेटियों के बीच इकलौता बेटा है अनुज
अनुज के पिता राजवीर सिंह किसान हैं। चार बेटियों के बीच अनुज उनका इकलौता बेटा है। परिवार के मुताबिक, अनुज पढ़ाई कर रहा है और इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारी कर रहा है।
परिजनों ने बताया कि वृंदावन के पास पानीगांव में अनुज की ननिहाल है। वह अक्सर ननिहाल जाया करता था। इसी दौरान उसका केजीकुंज आश्रम आना-जाना शुरू हुआ और कुछ समय बाद उसने दीक्षा लेने की इच्छा जताई थी।
अब परिजनों से होगी मुलाकात
अनुज के बरामद होने के बाद परिवार को बड़ी राहत मिली है। पुलिस उसे लेकर हाथरस स्थित उसके गांव के लिए रवाना हो गई है। अब परिजनों से उसकी मुलाकात और पूछताछ के बाद उसके पिछले तीन महीनों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/sanjayan-tripathi-sp-gorakhpur-faizabad-teacher-mlc/









