
- गोरखपुर में वन विभाग की जर्जर दीवार गिरने से हेड कॉन्स्टेबल की मौत
- बस्ती निवासी विक्रम प्रसाद यादव पैदल पुलिस लाइन जा रहे थे
- मलबे में दबने से गंभीर घायल, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
गोरखपुर। मंगलवार सुबह सिविल लाइंस इलाके में वन विभाग की जर्जर दीवार गिरने से हेड कॉन्स्टेबल विक्रम प्रसाद यादव (47) की दर्दनाक मौत हो गई। करीब 6 फीट ऊंची और 30 फीट लंबी दीवार अचानक भरभराकर गिरी, जिसके मलबे में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पैदल पुलिस लाइन जा रहे थे विक्रम प्रसाद
बस्ती के पिकौरा गांधीनगर निवासी विक्रम प्रसाद 1998 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे और वर्तमान में एडीएम प्रशासन के गनर के रूप में तैनात थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह पैदल ही 200 मीटर दूर स्थित पुलिस लाइन जा रहे थे। कार्मल स्कूल मोड़ के पास से गुजरते समय वन विभाग की बाउंड्रीवॉल अचानक गिर पड़ी और वह मलबे में दब गए।
लोगों ने हटाया मलबा, अस्पताल में हुई मौत
मौके पर मौजूद होमगार्ड और स्थानीय लोगों ने तुरंत ईंटें हटाकर विक्रम को बाहर निकाला और बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों और अधिक खून बहने के कारण कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
बरसात से कमजोर हुई दीवार
स्थानीय लोगों के अनुसार, दीवार काफी समय से जर्जर थी और बरसात के कारण और कमजोर हो गई थी। मंगलवार सुबह अचानक भरभराकर गिरने से सड़क पर आवाजाही करीब आधे घंटे तक बाधित रही।
पुलिस लाइन में दी जाएगी अंतिम सलामी
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इसके बाद पुलिस लाइन में सलामी दी जाएगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








