सोना अपील पर ज्वेलर्स का विरोध

लखनऊ में ज्वेलर्स ने एक दिन के लिए सर्राफा बाजार बंद कर धरना दिया

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद लखनऊ में सर्राफा कारोबारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को लखनऊ महानगर सर्राफा एसोसिएशन और ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन की प्रदेश इकाई से जुड़े व्यापारियों ने एक दिन के लिए सर्राफा बाजार बंद रखा। इसके बाद आशियाना क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन कर व्यापारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की।

धरने के दौरान व्यापारियों ने “सर्राफा एसोसिएशन जिंदाबाद” के नारे लगाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि सर्राफा बाजार पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में सोना न खरीदने की अपील व्यापारियों की चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का असर छोटे दुकानदारों, कारीगरों और लाखों मजदूरों की आजीविका पर पड़ सकता है।

व्यापारियों ने कहा कि देशभर में लाखों परिवार सर्राफा कारोबार से जुड़े हुए हैं। यदि लोग सोना खरीदना बंद कर देंगे तो इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा। एसोसिएशन ने देशभर के सर्राफा कारोबारियों और संस्थाओं से इस विरोध अभियान में शामिल होने की अपील की है।

व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी अपील पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि व्यापार पहले से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और इस तरह की अपील से बाजार में और मंदी आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button