KGMU में लव जिहाद व धर्मांतरण के आरोपों को लेकर प्रदर्शन

VHP-बजरंग दल ने कुलपति को सौंपा 6 सूत्री ज्ञापन

फैक्ट फाइंडिंग कमेटी पर जताया अविश्वास

STF या स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में कथित लव जिहाद और धर्मांतरण के मामलों को लेकर सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कुलपति से मुलाकात कर अपनी 6 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आरोप लगाया गया कि सैयद अख्तर अब्बास नामक व्यक्ति पर पहले से कई गंभीर आरोप हैं, इसके बावजूद सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें KGMU में जिम्मेदारी दी गई, जो पूरी तरह अनुचित है। संगठन ने मांग की कि उन्हें तत्काल कुलपति के OSD पद से हटाया जाए और उनकी नियुक्ति व उन पर लगे आरोपों की जांच किसी स्वतंत्र सरकारी एजेंसी से कराई जाए। दोषी पाए जाने पर रिकवरी और कठोर कार्रवाई की भी मांग रखी गई।

फैक्ट फाइंडिंग कमेटी पर सवाल

विश्व हिंदू परिषद ने KGMU प्रशासन द्वारा गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी पर भी भरोसा जताने से इनकार किया है। संगठन का कहना है कि इतने गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच विश्वविद्यालय स्तर पर संभव नहीं है। इसलिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी को भंग कर मामले की जांच STF या किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में KGMU के कुछ डॉक्टरों और प्रोफेसरों पर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में संलिप्तता के आरोपों का भी उल्लेख किया गया। संगठन ने मांग की कि इन मामलों की जांच विश्वविद्यालय से बाहर की एक स्वतंत्र समिति से कराई जाए, जिसमें महिला आयोग की सदस्य, सेवानिवृत्त IAS/IPS अधिकारी और सेवानिवृत्त न्यायाधीश शामिल हों।

प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button