प्रयागराज में महिला का हाई-वोल्टेज ड्रामा

50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़कर 9 घंटे तक दी जान देने की धमकी

  • मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ी महिला
  • 50 फीट ऊंचाई से चिल्लाकर दी आत्महत्या की धमकी
  • 9 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

प्रयागराज।  उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार को एक महिला का हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब 32 वर्षीय पल्लवी सिंह पानी की टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। घटना शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर फाफामऊ इलाके की है।

जानकारी के अनुसार, पल्लवी सिंह दोपहर करीब 1 बजे 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गई और वहां से जोर-जोर से चिल्लाते हुए जान देने की धमकी देने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाने की कोशिश की। इस दौरान पल्लवी ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा झूठा है और जब तक वह वापस नहीं लिया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद भी महिला लंबे समय तक टंकी पर डटी रही। करीब 9 घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद रात करीब 10 बजे वह खुद ही नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई।

क्या है पूरा मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि पल्लवी सिंह ने मोहम्मद आलम से लव मैरिज की थी। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। पति ने फाफामऊ थाने में पल्लवी के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके जवाब में पल्लवी ने भी अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद और मुकदमे के चलते महिला ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button