- प्रेमी युगल की अनोखी शादी, पुलिस की मदद से हुई वैध गठबंधन
- परिवार से बगावत: पुलिस थाने में हुआ विवाह
- प्रेम ने तोड़ा परिवार का विरोध, पुलिस थाने में बजी शादी की शहनाई
अम्बेडकरनगर। बसखारी थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में मंगलवार को एक प्रेमी युगल ने पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्म अदा की। युवक-युवती ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं। हालांकि, इस मौके पर युवक के परिजन मौजूद नहीं रहे।
कैसे हुई दोनों की मुलाकात?
बसखारी क्षेत्र के खसरोंपुर निवासिनी लक्ष्मी (19) और टांडा के ब्राहिमपुर निवासी रविंद्र कुमार डेढ़ साल से प्रेम संबंध में थे। लक्ष्मी अक्सर अपने भाई के ससुराल ब्राहिमपुर कुसुमा आती-जाती थी, जहां उसकी मुलाकात रविंद्र से हुई। धीरे-धीरे दोनों नजदीक आए और शादी का फैसला किया।
परिवार ने नहीं दी थ मंजूरी
रविंद्र ने अपने घर में शादी की बात रखी, लेकिन उसके परिजन तैयार नहीं हुए। वहीं, लक्ष्मी ने भी अपने घर पर बात की, लेकिन उसके परिवार वालों ने भी शादी से इनकार कर दिया। मंगलवार को लक्ष्मी घर से निकल गई और उसने रविंद्र को फोन कर बुलाया। दोनों साथ जाने के बजाय सीधे थाने पहुंच गए और पुलिस को पूरी कहानी बताई।
पुलिस ने बुलाए परिजन, लेकिन युवक के घरवाले नहीं आए
पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने बुलाया। इस दौरान लड़की के परिजन तो पहुंचे, लेकिन लड़के के घरवाले नहीं आए। पुलिस वार्ता के बाद लड़की के परिवार ने शादी को हरी झंडी दे दी। इसके बाद थाना परिसर के शिव मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सिंदूरदान की रस्म पूरी की।








