- मंच पर योगी और रवि किशन के बीच हुई मज़ेदार नोकझोंक
- भूमिपूजन के दौरान योगी ने किया पंडित से मजाक, सभा में छाया ठहाकों का माहौल
- सीएम योगी का तंज— ‘डिग्री नहीं है तो प्रोफेसर नहीं बन सकते
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के हीरक जयंती समारोह में प्रेक्षागृह के शिलान्यास के मौके पर सांसद रवि किशन को लेकर हंसी-मजाक का दौर चलाया। भूमिपूजन के दौरान योगी खुद यजमान बने, जबकि उनके बगल में सांसद रवि किशन मौजूद थे। नींव में पहला पत्थर रखते समय योगी ने पंडित जी से मजाकिया अंदाज में कहा, “सांसद जी बैठे हैं… आपको दक्षिणा यहीं देंगे!” CM की इस बात पर सभी खिलखिला उठे। इसके बाद योगी ने पूजा-अर्चना कर नींव रखी और प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। साथ ही, विश्वविद्यालय में बन रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम का काम भी शुरू करवाया।
प्रोफेसर बनना चाहते हैं रवि किशन
इस दौरान योगी ने एक और चुटकी लेते हुए बताया, “सांसद रवि किशन ने मुझसे पूछा – क्या मैं यहाँ प्रोफेसर बन सकता हूँ? मैंने कहा – नहीं, आपके पास डिग्री नहीं है! आप विजिटिंग प्रोफेसर बन सकते हैं।” योगी ने आगे मजाक करते हुए कहा, “वो बोले – मैं पढ़ाना चाहता हूँ। मैंने कहा – आप पढ़ाना इसलिए चाहते हैं क्योंकि पैसा देना नहीं चाहते! आप ललित कला अकादमी से जुड़कर छात्रों की मदद कर सकते हैं।”
रवि किशन का जवाब – “लिस्ट में नाम नहीं था!”
माइक संभालते ही रवि किशन ने हंसते हुए कहा, “अचानक नाम पुकारा गया, बुद्धि ही बंद हो गई! लिस्ट में हमारा नाम नहीं था।” उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा, “यहाँ A++ ग्रेड मिला है। छात्रों की फीस भी कम है। दिल्ली-मुंबई में तो लोग मुंह से खून उगल देते हैं (फीस के लिए), लेकिन यहाँ से पढ़कर आप दुनिया में नाम रोशन करें।”
गोरक्षपीठ का विश्वविद्यालय से गहरा नाता
गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्थापना में गोरक्षपीठ की अहम भूमिका रही है। योगी आदित्यनाथ खुद गोरक्षपीठ के महंत हैं। 1 मई, 1950 को तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने इस विश्वविद्यालय की नींव रखी थी। इस साल विश्वविद्यालय के 75 साल पूरे हो रहे हैं। योगी ने बताया कि विश्वविद्यालय बनाने के लिए तब सरकार के पास 50 लाख रुपये नहीं थे, लेकिन गोरखपुर के कुछ बड़े परिवारों ने जमीन और धन देकर इसे संभव बनाया। इस कार्यक्रम में हंसी-ठिठोली के साथ-साथ शिक्षा के विकास पर भी चर्चा हुई, जिसमें CM योगी और सांसद रवि किशन ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








