
तीन दिन से लापता है पति, फारेंसिक टीम ने मौके से जुटाए सबूत
शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश, मामला दर्ज करने की तैयारी
आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के खतैना मोहल्ले में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर से बदबू आने की सूचना पर पहुंची पुलिस को वहां मां-बेटी की लाश मिली। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय शबीना और 9 साल की इनाया के रूप में हुई है। दोनों की हत्या की आशंका जताई जा रही है। ACP मयंक तिवारी ने बताया कि दरवाजा बाहर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर बेड पर बच्ची और जमीन पर महिला का शव पड़ा था। बच्ची के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था जबकि महिला की लाश काफी फूली हुई थी, जिससे प्रतीत होता है कि हत्या दो-तीन दिन पहले हुई थी। जानकारी के अनुसार, शबीना आरोपी राशिद की दूसरी पत्नी थी। पहली शादी से राशिद को इनाया नाम की बेटी थी। पांच महीने पहले ही उसने शबीना से दूसरा निकाह किया था। सभी एक साथ उसी घर में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
पुलिस के अनुसार, राशिद तीन दिन पहले आखिरी बार मोहल्ले में देखा गया था। उसके बाद से वह गायब है। दिलचस्प बात यह है कि राशिद ने कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए ऑनलाइन शिकायत भी की थी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।






