
- लखनऊ में पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की
- सीने में कई बार किया गया चाकू से वार
- शव को सड़क किनारे फेंक एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते ने खौफनाक मोड़ ले लिया। घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए सड़क किनारे फेंक दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सीने पर कई बार मारा चाकू, पहचान छिपाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मुस्कान (35) के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चाकू के कई निशान पाए गए हैं, विशेषकर सीने पर गंभीर वार किए गए थे। आरोपी पति आसिफ, जो लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के सेवई का निवासी है, ने शव को मऊ-हुलासखेड़ा मार्ग पर राजाखेड़ा के पास फेंक दिया था।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
सुबह के समय राहगीरों ने जब सड़क किनारे महिला का रक्तरंजित शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मोहनलालगंज CHC में रखवा दिया और जांच शुरू कर दी है।
लव मैरिज के बाद से रह रहे थे अलग
मुस्कान और आसिफ की डेढ़ साल पहले लव मैरिज हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी महिला की खाला की देखरेख में कराई गई थी। शादी के बाद से दोनों अलग किराए के मकान में रह रहे थे। आसिफ की पहली शादी से तीन बच्चे हैं, जबकि मुस्कान की छह साल की एक बेटी है, जो उसकी खाला के पास रहती है।
ये भी पढ़ें-मोबाइल और 2 हजार रुपए के विवाद में पिता की पीट-पीटकर हत्या
आरोपी हिरासत में, मायके वाले उरई से रवाना
पुलिस ने आरोपी पति आसिफ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुस्कान के मायके वालों को सूचना दे दी गई है, जो उरई जिले से लखनऊ पहुंच रहे हैं। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







