
- तेजाब हमले की शिकार महिला तराना की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
- पंचायत के बाद सुलह कर ससुराल पहुंची थी पीड़िता
- पति, ससुराल वालों पर मारपीट और हत्या की साजिश का आरोप
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर उसके ही पति ने तेजाब फेंक दिया। आरोप है कि महिला के ससुराल पक्ष ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर घर से बाहर फेंक दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बाकी ससुरालीजन फरार बताए जा रहे हैं।
6 महीने से मायके में थी, पंचायत के बाद गई थी ससुराल
पीड़िता तराना के भाई शाहरुख उस्मानी ने बताया कि बहन की शादी करीब तीन साल पहले अफसर अली नामक युवक से हुई थी। शादी में अच्छी-खासी रकम देने के बावजूद ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। पहले तीन लाख रुपये ले चुके थे, अब फिर पैसों की डिमांड की जा रही थी। मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर तराना पिछले छह महीने से मायके में रह रही थी।
हाल ही में समाज की पंचायत में दोनों परिवारों के बीच सुलह हुई, जिसके बाद 13 जुलाई को तराना अपने ससुराल लौट गई थी। शाहरुख ने बताया कि उन्होंने बहन को रोका था, क्योंकि उन्हें पहले ही अफसर के किसी महिला से अवैध संबंध होने की जानकारी मिल चुकी थी।
घर पहुंचते ही शुरू हुई मारपीट, ममिया ससुर ने दी जान से मारने की सलाह
तराना ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह ससुराल पहुंची, वहां मौजूद ससुर, पति, देवर, ननद और ननदोई ने उस पर हमला कर दिया। उसके बाद उसके ममिया ससुर अकबर को कॉल कर पूछा गया कि “क्या करना है?” – जवाब में अकबर ने कथित तौर पर कहा, “मार दो, मैं देख लूंगा।”
ननदोई ने लाया तेजाब, पति ने फेंका
तराना ने बयान में कहा कि उसके ननदोई ने अपने घर से तेजाब लाकर पति को दिया। पति ने तेजाब तराना के चेहरे पर डालने की कोशिश की, लेकिन वह घूम गई, जिससे तेजाब उसकी पीठ, छाती और हाथ पर गिरा। कपड़े जल गए और शरीर बुरी तरह झुलस गया।
रास्ते में बेहोश मिली, राहगीरों ने परिवार को दी सूचना
मारपीट और तेजाब हमले के बाद ससुराल वालों ने उसे घर के बाहर फेंक दिया। कुछ राहगीरों ने तराना को बेहोश देखा और उसके मायके वालों को सूचना दी। शाहरुख मौके पर पहुंचकर बहन को अस्पताल ले गए। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी आरोपी फरार हैं।








