
- लिपिक ने सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया
- स्थानीय लोग पैसे या मिलीभगत की आशंका जता रहे हैं
- प्रशासनिक पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न उठे
आलापुर (अम्बेडकरनगर)। नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में बिना निवास प्रमाण के ही परिवार रजिस्टर की नकल जारी करने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत कार्यालय में पदस्थ लिपिक पर फर्जी तरीके से रजिस्टर जारी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बाहरी व्यक्ति को मिल गया परिवार रजिस्टर
जानकारी के अनुसार, एक बाहरी व्यक्ति जो जनपद आजमगढ़ का निवासी है, उसे नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में बिना स्थायी निवास के ही परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करा दी गई। बताया जा रहा है कि यह नकल नगर पंचायत के लिपिक अखिलेश द्वारा जारी की गई है।
बिजली खाम गांव में नहीं कोई क्षत्रिय परिवार, फिर भी जारी हुई नकल
लिपिक अखिलेश से जब इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि बिजली खाम गांव में कोई क्षत्रिय परिवार निवास नहीं करता। बावजूद इसके देवेंद्र सिंह नामक व्यक्ति के नाम से परिवार रजिस्टर की नकल जारी कर दी गई, जिसकी जमीन भले गांव में हो, लेकिन वह वहां निवास नहीं करता।
नियमों को किया गया दरकिनार, अधिकारी भी चुप
इस पूरे मामले में सवाल उठ रहे हैं कि बिना स्थायी निवास और संबंधित दस्तावेजों के, कैसे परिवार रजिस्टर की नकल तैयार कर दी गई। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सब अधिशासी अधिकारी श्रीमती लक्ष्मी चौरसिया और नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद प्रजापति की मौजूदगी में हो रहा है।








