लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि सुबह अधिकांश शहरों में धूप खिली रही, लेकिन कई स्थानों पर बादलों की आवाजाही भी देखने को मिली, जिससे उमस और गर्मी बढ़ गई है।
वाराणसी में मंगलवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य शहनाई वादक महेंद्र प्रसन्ना ने गंगा के बीच खड़े होकर राग मेघ और बधाई धुन प्रस्तुत कर बारिश की कामना की। उन्होंने कहा कि संगीत के माध्यम से इंद्र देव को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया है और जल्द ही अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
सोमवार शाम को बदायूं में ओलावृष्टि हुई, जबकि तेज आंधी के दौरान एक पेड़ चल रहे ऑटो पर गिर गया। इसके अलावा मथुरा समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। मानसून फिलहाल बिहार सीमा तक पहुंच चुका है और 20 से 23 जून के बीच झारखंड के रास्ते उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में प्रवेश कर सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 जून से मौसम में बदलाव और 19 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है। वहीं 20 जून के आसपास मानसून की एंट्री के साथ कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है।









