
लखनऊ: लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश के हज यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सभी चयनित यात्रियों को 31 मार्च तक अपनी अंतिम किश्त जमा करने को कहा है।
प्रदेश में इस वर्ष करीब 17,100 हज यात्री हैं, जिनमें से लगभग 6,000 यात्री लखनऊ से हैं। एक यात्री के लिए कुल शुल्क 3,52,550 रुपये निर्धारित किया गया है। यदि कोई यात्री कुर्बानी का विकल्प चुनता है, तो उसे अतिरिक्त 17,280 रुपये जमा करने होंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव एसपी तिवारी के अनुसार, यात्री अब तक 2,77,300 रुपये जमा कर चुके हैं। शेष राशि उड़ान स्थल के आधार पर अलग-अलग निर्धारित की गई है, जिसे 31 मार्च तक हर हाल में जमा करना अनिवार्य है।
जारी निर्देशों के अनुसार, दिल्ली से जाने वाले यात्रियों को 69,300 रुपये, लखनऊ से 75,250 रुपये, मुंबई से 62,950 रुपये, अहमदाबाद से 55,900 रुपये और हैदराबाद से 66,050 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे।
भुगतान स्टेट बैंक या यूनियन बैंक के माध्यम से किया जा सकता है। इसके अलावा हज कमेटी की वेबसाइट से पे-स्लिप डाउनलोड कर डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भी भुगतान संभव है।
शिया हज यात्रियों को जोहफा मीकात जाने के लिए 5,520 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। हज समिति ने स्पष्ट किया है कि इस शुल्क में कैटरिंग शामिल नहीं है। कैटरिंग शुल्क की जानकारी बाद में अलग से दी जाएगी।








