शादी के बाद पहली बार वृंदावन पहुंचे कुलदीप यादव

मथुरा/वृंदावन। भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव ने अपनी पत्नी वंशिका के साथ वृंदावन पहुंचकर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। शादी के बाद दोनों पहली बार मथुरा-वृंदावन पहुंचे थे।

मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे कुलदीप यादव पत्नी के साथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने देहरी (चौखट) पर इत्र लगाकर सेवा की और भगवान को 56 भोग अर्पित किए। दोनों करीब 25 मिनट तक मंदिर में रहे। इस दौरान सुरक्षा के लिए मंदिर के गार्ड उनके आसपास तैनात रहे।

कुलदीप यादव का यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, जिससे किसी को उनके आने की भनक तक नहीं लगी। हालांकि, फोटो और वीडियो सामने आने के बाद बुधवार सुबह लोगों को इसकी जानकारी हुई।

मंदिर के सेवायत शैलेंद्र गोस्वामी के अनुसार, कुलदीप के परिवार की ओर से पहले ही उनके आगमन की सूचना दी गई थी और भीड़ से बचने के लिए इसे गुप्त रखने का अनुरोध किया गया था। मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई और उन्हें प्रसादी माला भी भेंट की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button