
- हड़बड़ी में आरोपी के दो साथी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े
- पुलिस टीम पंजाब रवाना, बच्चे को सुरक्षित लाने की कोशिश जारी
- CCTV फुटेज से पुलिस को मिली अहम जानकारी
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर कस्बे में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पिता अपने तीन साल के बेटे को मां की गोद से छीनकर तमंचा दिखाते हुए बाइक पर भाग गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी के दो साथियों को पकड़ लिया है, जबकि पिता बच्चे को लेकर फरार है।
दिनदहाड़े घर में घुसकर बच्चे को छीना
मऊरानीपुर के गोपालगंज निवासी वर्षा जोशी ने बताया कि गुरुवार (18 सितंबर) को वह अपने मायके में बेटे के साथ बैठी थी। तभी पति रमन अपने दो साथियों के साथ घर में घुस आया। तीनों ने चेहरे ढक रखे थे। रमन ने बेटे को गोद से छीनने की कोशिश की, विरोध करने पर तमंचा दिखा दिया। इसके बाद वह बच्चे को लेकर बाहर भागा और बाइक स्टार्ट कर दी।
वर्षा ने बताया कि उसने पति का हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर फरार हो गया। इस दौरान हड़बड़ी में उसके दोनों साथी पीछे छूट गए, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
शादी के बाद से विवाद और मारपीट
वर्षा ने बताया कि पांच साल पहले उसकी शादी पंजाब के जालंधर निवासी रमन से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद उसे पति के अफेयर का पता चला, जिसके बाद विवाद बढ़ने लगा। ससुराल में मारपीट के चलते वह मायके लौट आई और यहीं बेटे को जन्म दिया। बाद में पंचायत के बाद वह ससुराल चली गई, लेकिन विवाद फिर से शुरू हो गया।
6 सितंबर को वह दोबारा मायके लौट आई और ससुराल जाने से मना कर दिया। 17 सितंबर को रमन ने तीन लोगों को भेजकर उसे मनाने की कोशिश की, मगर उसने साफ मना कर दिया। अगले दिन यह घटना घट गई।
आरोपी के दो साथी पकड़े गए, पिता पंजाब भागा
पुलिस के अनुसार रमन के साथ झांसी के चकारा गांव निवासी जितेंद्र शर्मा और उसका एक साथी था। ग्रामीणों ने एक को गांव में और दूसरे को कुछ दूरी पर पकड़ा। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने बताया कि रमन बेटे को लेकर पंजाब चला गया है।
इसके बाद पुलिस की एक टीम बच्चे को सुरक्षित वापस लाने के लिए पंजाब रवाना हो गई है। फिलहाल पुलिस पिता की लोकेशन ट्रैक कर रही है।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
यह पूरी घटना 18 सितंबर गुरुवार की है, जिसका CCTV फुटेज शनिवार को सामने आया। फुटेज में रमन को बच्चे को गोद में लेकर बाइक की ओर जाते और भागते हुए देखा जा सकता है।







