लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौक इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अशरफाबाद क्षेत्र में कपड़ा कारोबारी शोभित रस्तोगी (48) ने पत्नी शुचिता (45) और 16 वर्षीय बेटी ख्याति के साथ मिलकर ज़हर खाकर जान दे दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब हालत बिगड़ने पर बेटी ने बड़ी मां को कॉल कर मदद मांगी।
पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट और टूटी चूड़ियां बरामद की हैं। तीनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटी ने अंतिम वक्त में मां को किया फोन
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे शोभित रस्तोगी की भतीजी ने अपनी बड़ी मां तृप्ति को फोन किया और कहा—”मम्मी-पापा की तबीयत ठीक नहीं है, जल्दी आइए।” इसके तुरंत बाद कॉल कट हो गया।
शोभित के बड़े भाई शेखर रस्तोगी ने पुलिस को सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो फ्लैट अंदर से बंद था। चाबी से दरवाजा खोला गया तो तीनों को बेहोशी की हालत में पाया गया। पास से कोल्ड ड्रिंक की बोतल और ज़हर जैसी सामग्री भी बरामद हुई।
सुसाइड नोट में कर्ज की कहानी
फ्लैट से बरामद सुसाइड नोट में लिखा है—
“हम कर्ज से परेशान हैं। बैंक से लोन लिया था जिसे चुका नहीं पा रहे। लोन बढ़ता ही जा रहा है। अब हमारे पास जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।”
पारिवारिक और आर्थिक संकट बना मौत की वजह
शोभित रस्तोगी की राजाजीपुरम में “जुगल फैशन पॉइंट” नाम से कपड़े की दुकान थी। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के बाद से आर्थिक हालत लगातार खराब चल रही थी। कर्ज का बोझ इतना बढ़ चुका था कि उसका भुगतान संभव नहीं रह गया।
उनकी बेटी ख्याति लखनऊ पब्लिक स्कूल, राजाजीपुरम में कक्षा 11 की छात्रा थी। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के अनुसार, परिवार कभी अपनी परेशानियां साझा नहीं करता था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल, बचे हुए पदार्थ और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्लान्ड सुसाइड का लग रहा है। जांच जारी है कि तीनों ने ज़हर कब और किस तरीके से लिया।








