अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बिडहर खास में शनिवार को सामाजिक संस्था जीवन दायिनी का विधिवत शुभारंभ किया गया। संस्था की शुरुआत सेवा ही धर्म टीम के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर बग्गा द्वारा फीता काटकर की गई। उद्घाटन के साथ ही रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजसेवियों और युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म: धर्मवीर बग्गा
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर बग्गा ने कहा कि रक्तदान वह सेवा है जो किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और समाज के हर सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
समाजसेवियों का सम्मान, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान
उद्घाटन समारोह में प्रमुख समाजसेवी बरकत अली, युवा एकता फाउंडेशन के अध्यक्ष अब्दुल्लाह इदरीसी, इंतजामिया कमेटी अध्यक्ष रक्तबीर रेहान बरकाती, दिव्यांग निलेश यादव, जाहिद सुहेल, नीरज मौर्या सहित दर्जनों सक्रिय समाजसेवियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर बग्गा ने प्रदान किया।
रक्तदान शिविर में दर्जनों स्वयंसेवक सक्रिय
जीवन दायिनी संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं से लेकर वरिष्ठ समाजसेवियों तक ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में रक्तदान करने वालों की सूची में बरकत अली, रेहान बरकाती, जाहिद सुहेल, निलेश यादव, अब्दुल्लाह इदरीसी और नीरज मौर्या शामिल रहे। सभी को संस्था की ओर से सम्मान पत्र और अंगवस्त्र प्रदान कर उत्साहित किया गया।








