- 10 करोड़ की लागत से तैयार होगा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम
- 2 करोड़ में खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी
- बच्चों के लिए चिल्ड्रन प्ले एरिया और सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक
लखनऊ। लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क को अब सिर्फ एक आम पार्क नहीं, बल्कि विज्ञान, खेल और एडवेंचर का केंद्र बनाया जा रहा है। यहां देश का सबसे बड़ा रोज गार्डन तैयार किया जा रहा है, जिसमें गुलाब की 2369 दुर्लभ प्रजातियां लगाई जाएंगी। यह गार्डन पार्क की वॉटर बॉडी के किनारे 5 करोड़ की लागत से विकसित किया जा रहा है।
सितारों को देखने मिलेगा मौका
खगोल विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए भी अच्छी खबर है। पार्क के एम्फीथिएटर क्षेत्र में आधुनिक टेलिस्कोप से सुसज्जित एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी पवेलियन बनाया जाएगा। यहाँ एक एलिवेटेड प्लेटफॉर्म होगा जिसे टेक्सटाइल स्ट्रक्चर से ढंका जाएगा। साथ ही, पुराने टेलिस्कोप और खगोलीय उपकरणों से सजा एक मिनी म्यूजियम भी बनेगा। यह प्रोजेक्ट लगभग 2 करोड़ की लागत से तैयार होगा।
खेल प्रेमियों के लिए मिनी स्टेडियम
पार्क में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 20 एकड़ क्षेत्र में 10 करोड़ की लागत से मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाया जाएगा। इसमें क्रिकेट, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबॉल, वॉलीबॉल और स्केटिंग की सुविधाएं होंगी। यह स्टेडियम पीपीपी मॉडल पर बनेगा और इससे LDA को सालाना 35 लाख रुपये की आमदनी होगी।
युवाओं और बच्चों के लिए खास इंतजाम
बच्चों के लिए चिल्ड्रन प्ले एरिया में रबर पैड लगाए जाएंगे जिस पर 1.67 करोड़ खर्च होंगे, जबकि गेट नंबर-6 के पास 1.62 करोड़ की लागत से सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक बनेगा। गेट नंबर 4 से 6 के बीच आधुनिक साउंड सिस्टम भी लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें-IPL 2025- LSG बनाम RCB का रद्द मैच अब 27 मई को
रोमांच के शौकीनों को मिलेगा नया अनुभव
जल्द ही पार्क में जिप लाइन, हाई रोप साइकलिंग, शूटिंग रेंज और मिरर मेज जैसी एडवेंचर गतिविधियां शुरू की जाएंगी। यह पहल पार्क को नई पहचान देगी और शहर के लोगों को परिवार संग विज्ञान और रोमांच का अनूठा अनुभव मिलेगा।








