
- कोलकाता से लखनऊ तक 1400 KM फुटबॉल ड्रिबलिंग कर पहुंचे नोनो
- महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह से प्रेरित है नोनो की यात्रा
- स्वच्छता, पोषण और लैंगिक समानता पर कर रहे जागरूक
लखनऊ। लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर गुरुवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब जापान से आए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर नोजोमु हगिहारा उर्फ ‘नोनो’ ने सड़क पर फुटबॉल ड्रिबलिंग करते हुए खेल और सामाजिक बदलाव का संदेश दिया। उनकी यह यात्रा महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह से प्रेरित है और इसका उद्देश्य खेल, स्वच्छता, पोषण और लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाना है।
नोनो ने कोलकाता से 3 मार्च को 2025 किलोमीटर की ड्रिबलिंग यात्रा शुरू की थी, जो 15 मई को नई दिल्ली स्थित जापानी दूतावास पर समाप्त होगी। अभी तक वह 1400 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं और कानपुर से होकर लखनऊ पहुंचे हैं। नोनो का लक्ष्य गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराना है, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के 337 किलोमीटर ड्रिबलिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए लगभग चार गुना दूरी तय करके लगभग पूरा कर लिया है। हजरतगंज में करीब 15 मिनट तक ड्रिबलिंग करते हुए नोनो ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान पुलिस द्वारा उन्हें सुरक्षा दी गई।









