- ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया
- 4 साल के पोते और दादी की मौके पर मौत
- घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा
- पति की हालत गंभीर, परिवार में मचा कोहराम
झांसी। बबीना थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला, उसके 4 साल के पोते समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा रात करीब 8:30 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर हुआ।
200 मीटर तक बाइक को घसीटता रहा ट्रक
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक पर सबसे आगे 4 वर्षीय संस्कार उर्फ भानू बैठा था। हादसे में बच्चे और उसकी दादी उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शवों के अवशेष करीब 50 मीटर तक फैल गए।
घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में बच्चे के दादा आनंद रजक और बाइक चला रहे पड़ोसी रविंद्र पाल घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इलाज के दौरान बुधवार रात करीब 12 बजे रविंद्र पाल की मौत हो गई।
आनंद रजक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बेटी से मिलने के बाद लौट रही थीं उर्मिला
परिजनों के मुताबिक, उर्मिला की बेटी की डिलीवरी हुई थी। वह बेटी और अपनी नातिन को देखने गई थीं। वहां से लौटते समय बाइक को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद अस्पताल में 4 वर्षीय बच्चे का शव देखकर उसके पिता की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। वहीं, रविंद्र पाल की शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी। पति की मौत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी भी बेसुध हो गईं।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक की तलाश की जा रही है।









